बाथरूम ऐसा होना चाहिए, जिसे हर कोई आराम से इस्तेमाल कर सके। लेकिन छोटे बच्चों, बुज़ुर्गों और चलने-फिरने में परेशानी वाले लोगों की ज़रूरतें एक-दूसरे से काफ़ी अलग हो सकती हैं। इसलिए बाथरूम की योजना बनाते समय ध्यान रखें कि सभी उसका आसानी से इस्तेमाल कर सकें, खासकर जब अलग-अलग उम्र के लोग एक ही बाथरूम इस्तेमाल करते हैं।
बाथरूम को सुविधाजनक बनाने का मतलब यह नहीं कि वह अस्पताल के बाथरूम जैसा साधारण दिखे। सही सैनिटरीवेयर, फ़ॉसेट्स, शॉवर और दूसरी फिटिंग्स से बाथरूम सादा और आधुनिक दिखने के साथ-साथ इस्तेमाल में आसान और ज़्यादा सुरक्षित भी हो सकता है।
सबसे ज़रूरी है कि रोज़ के कामों पर ध्यान दें और देखें कि उन्हें कैसे आसान बनाया जा सकता है।
सभी के लिए इस्तेमाल में आसान बाथरूम कैसा होता है?
सबके लिए सुविधाजनक बाथरूम बनाते समय आने-जाने की आसानी, आराम और सुरक्षा का ध्यान रखा जाता है। लेआउट ऐसा हो कि अंदर आने, चलने-फिरने और अलग-अलग फिटिंग्स इस्तेमाल करने के लिए पर्याप्त जगह मिले और कोई परेशानी न हो।
कोई भी प्रोडक्ट चुनने से पहले पूरे बाथरूम की व्यवस्था पर नज़र डालें। दरवाज़ा, बेसिन, WC, शॉवर और सामान रखने की जगह कहाँ होगी, इन सबका असर इस बात पर पड़ता है कि बाथरूम इस्तेमाल करना कितना आसान रहेगा।
कुछ बुनियादी बातों पर ध्यान दें:
- आराम से चलने-फिरने के लिए पर्याप्त खुली जगह
- ऐसी बाथरूम फिटिंग्स, जिन तक आसानी से पहुँचा जा सके
- अच्छी रोशनी
- ज़रूरत के हिसाब से सही फ़्लोरिंग
- शॉवर तक पहुँचने का सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता
ये बातें केवल चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि सभी के लिए उपयोगी हैं।
आराम को ध्यान में रखकर सैनिटरीवेयर चुनें
बाथरूम को सभी के लिए सुविधाजनक बनाने में सैनिटरीवेयर की अहम भूमिका होती है। फिटिंग्स चुनते समय उन लोगों की ज़रूरतें ध्यान में रखें, जो उनका इस्तेमाल करेंगे।
बुज़ुर्गों को कभी-कभी बैठने और उठने में दिक्कत हो सकती है। सही ऊँचाई वाला WC यह रोज़ का काम उनके लिए ज़्यादा आरामदायक बना सकता है। बेसिन के लिए भी यही बात लागू होती है। उसे ऐसी ऊँचाई पर लगाएँ कि इस्तेमाल करते समय बेवजह झुकना या हाथ ज़्यादा बढ़ाना न पड़े और काम आराम से हो सके।
हर फिटिंग का साइज़ भी ध्यान में रखें। बड़ा बेसिन दिखने में अच्छा लग सकता है, लेकिन छोटे बाथरूम में वह चलने-फिरने की जगह कम कर सकता है।
सैनिटरीवेयर चुनते समय देखें कि इस्तेमाल में कितना आराम मिलेगा और बाथरूम में कितनी जगह है।
शॉवर एरिया को अधिक सुरक्षित बनाएँ
शॉवर एरिया में फ़र्श पर पानी पड़ने से फिसलने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इस हिस्से की योजना सोच-समझकर बनाना ज़रूरी है।
बुज़ुर्गों और चलने-फिरने में परेशानी वाले लोगों को ऐसे शॉवर एरिया में ज़्यादा आराम मिल सकता है, जहाँ आसानी से पहुँचा जा सके। बाथरूम की बनावट और पानी की निकासी की व्यवस्था के अनुसार, जहाँ संभव हो वहाँ बेवजह सीढ़ियाँ या ऊँचे किनारे बनाने से बचें।
हैंड शॉवर से पानी की धार को अपनी ज़रूरत के हिसाब से मोड़ना आसान होता है, इसलिए यह भी काम आ सकता है। ओवरहेड शॉवर भी लगाया जा सकता है, लेकिन कौन-सा सेटअप रखना है, यह बाथरूम इस्तेमाल करने वालों की ज़रूरतों के अनुसार तय करें।
इन बातों का भी ध्यान रखें:
- शॉवर एरिया तक पहुँचने में कोई परेशानी न हो।
- ऐसी फ़्लोरिंग चुनें, जो गीली होने पर भी अच्छी पकड़ दे।
- नहाते समय अक्सर काम आने वाली चीज़ें ऐसी जगह रखें, जहाँ आसानी से हाथ पहुँच जाए।
- आराम से चलने-फिरने के लिए पर्याप्त जगह रखें।
इस्तेमाल में आसान फ़ॉसेट्स चुनें
फ़ॉसेट्स दिन में कई बार इस्तेमाल होते हैं, इसलिए उन्हें खोलना और बंद करना आसान होना चाहिए।
बाथरूम को इस्तेमाल में आसान बनाने के लिए सिंगल-लीवर फ़ॉसेट अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें एक ही हैंडल से पानी का बहाव और तापमान, दोनों नियंत्रित किए जा सकते हैं।
यह अलग-अलग हैंडल घुमाने से आसान हो सकता है, खासकर बच्चों या उन लोगों के लिए जिन्हें हाथ हिलाने-डुलाने में परेशानी होती है।
फ़ॉसेट कहाँ लगेगा, इस पर भी ध्यान दें। उसे ऐसी जगह लगाएँ कि बेसिन पर बहुत आगे झुके बिना हाथ वहाँ तक पहुँच जाए।
सीधे-सादे कंट्रोल्स आमतौर पर सभी को आसानी से समझ में आते हैं और इस्तेमाल करने में भी आसान होते हैं।
बाथरूम बनाते समय बच्चों की ज़रूरतें भी ध्यान में रखें
बाथरूम में सुविधा का ध्यान सिर्फ़ बुज़ुर्गों के लिए नहीं रखा जाता। बच्चों को भी ऐसा बाथरूम चाहिए, जिसे वे आसानी से और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकें।
छोटे बच्चों के लिए ऊँचाई पर लगी फिटिंग्स तक पहुँचना या टैप चलाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए बाथरूम की योजना उनके कद और चलने-फिरने की सुविधा के हिसाब से बनाएँ।
माता-पिता रोज़ काम आने वाली चीज़ें सही ऊँचाई पर रख सकते हैं। साथ ही, फ़र्श पर ऐसी चीज़ें छोड़ने से बचें, जिनसे फिसलने का खतरा हो।
बच्चों के लिए सुविधाजनक बाथरूम में अच्छी रोशनी भी ज़रूरी है। फ़र्श, फिटिंग्स और शॉवर एरिया उन्हें साफ़-साफ़ दिखाई देने चाहिए।
बच्चे बड़े होंगे तो उनकी ज़रूरतें भी बदलेंगी। लेआउट में बदलाव की गुंजाइश होगी, तो आगे चलकर बाथरूम को उनकी ज़रूरतों के हिसाब से ढालना आसान हो सकता है।
चलने-फिरने के लिए पर्याप्त जगह रखें
बाथरूम को सभी के लिए सुविधाजनक बनाते समय सबसे ज़रूरी बातों में से एक है, उसमें आसानी से चल-फिर पाना।
फिटिंग्स कितनी भी अच्छी हों, उनके बीच जगह कम हो तो बाथरूम इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। बड़े कैबिनेट, टोकरियाँ या दूसरी चीज़ें ऐसी जगह रखने से बचें, जहाँ वे आने-जाने का मुख्य रास्ता रोकें।
दरवाज़ा भी इस तरह खुलना और बंद होना चाहिए कि आने-जाने में परेशानी न हो।
लेआउट तय करने से पहले सोचकर देखें कि कोई व्यक्ति बाथरूम में कैसे आएगा, बेसिन तक कैसे पहुँचेगा, WC का इस्तेमाल कैसे करेगा और शॉवर तक कैसे जाएगा।
इस तरह सोच लेने से फिटिंग्स लगाने से पहले ही संभावित दिक्कतों का पता चल सकता है।
WC के आसपास की जगह पर ध्यान दें
WC ऐसी जगह लगाएँ, जहाँ उसके चारों ओर पर्याप्त जगह बचे। बुज़ुर्गों या चलने-फिरने में परेशानी वाले लोगों के लिए बाथरूम बनाते समय इस बात का खास ध्यान रखें।
WC की ऊँचाई भी आराम के लिहाज़ से अहम है। सही ऊँचाई होने से कुछ लोगों के लिए बैठना और उठना आसान हो सकता है।
अगर अतिरिक्त सहारे की ज़रूरत हो, तो ग्रैब बार लगाने या सहारे की दूसरी उपयुक्त व्यवस्था करने पर विचार कर सकते हैं। इनकी जगह सोच-समझकर तय करें, ताकि ये ज़रूरत के समय काम आएँ और रास्ते में बाधा न बनें।
हर व्यक्ति की ज़रूरत अलग हो सकती है। इसलिए किसी की खास ज़रूरतों के हिसाब से बाथरूम बनवाना हो, तो विशेषज्ञ की सलाह मददगार हो सकती है।
अच्छी रोशनी की व्यवस्था करें
- रोशनी कम हो तो बाथरूम इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।
- बाथरूम के मुख्य हिस्से में पर्याप्त रोशनी रखें। बेसिन और शॉवर एरिया भी साफ़ दिखाई देने चाहिए।
- किसी कोने में अँधेरा न रहने दें, खासकर फ़र्श और प्रवेश द्वार के आसपास।
मिरर के पास अच्छी रोशनी होने से रोज़ के काम भी आसान हो सकते हैं। जहाँ संभव हो, ऐसी लाइटिंग चुनें जिससे सब कुछ साफ़ दिखाई दे, लेकिन उसकी चमक आँखों को न चुभे।
फ़र्श को सुरक्षित रखें
पानी पड़ने पर बाथरूम का फ़र्श फिसलन भरा हो सकता है। बच्चों, बुज़ुर्गों और संतुलन बनाने में परेशानी वाले लोगों के लिए यह खास चिंता की बात है।
ऐसी फ़्लोरिंग चुनें जो गीली जगहों के लिए बनी हो और उसकी देखभाल ठीक से करें। पानी की निकासी भी सही होनी चाहिए, ताकि फ़र्श पर पानी जमा न रहे।
आने-जाने के मुख्य रास्ते में बेवजह मैट, टोकरियाँ या दूसरी चीज़ें न रखें। खासकर छोटे बाथरूम में ये रास्ता रोक सकती हैं।
सामान ऐसी जगह रखें जहाँ आसानी से हाथ पहुँचे
स्टोरेज की जगह तय करते समय ध्यान रखें कि वहाँ तक आसानी से पहुँचा जा सके।
रोज़ काम आने वाली चीज़ें न बहुत ऊपर रखें, न बहुत नीचे। तौलिए, साबुन और बाकी रोज़मर्रा का सामान ऐसी जगह रखा जा सकता है, जहाँ आसानी से हाथ पहुँच जाए।
वॉल-माउंटेड शेल्फ़ से सामान सलीके से रखा जा सकता है और फ़र्श की जगह भी बच सकती है। लेकिन शेल्फ़ इतनी ऊँची न लगाएँ कि सामान लेने के लिए दूर तक हाथ बढ़ाना पड़े या ऊपर चढ़ना पड़े।
बच्चों की रोज़ की चीज़ें वहाँ रखें जहाँ वे सुरक्षित तरीके से उन तक पहुँच सकें। बुज़ुर्गों का रोज़ का सामान भी इस तरह रखें कि उसे लेने के लिए उन्हें बार-बार झुकना न पड़े।
बाथरूम में हर उम्र के लोगों की सुविधा का ध्यान रखें
परिवार के सभी लोग एक ही बाथरूम इस्तेमाल करते हों, तो उसे सिर्फ़ एक व्यक्ति के हिसाब से बनाना मुश्किल हो सकता है।
बेहतर है कि बाथरूम ऐसा हो, जिसे अलग-अलग लोगों की ज़रूरतों के हिसाब से ढाला जा सके।
उदाहरण के लिए, आरामदायक WC, आसानी से चलने वाले फ़ॉसेट्स, सुविधाजनक शॉवर सेटअप और अच्छा स्टोरेज बच्चों, बड़ों और बुज़ुर्गों, सभी के काम आ सकते हैं।
बाथरूम की देखभाल भी आसान होनी चाहिए। सीधा-सादा लेआउट और आसानी से साफ़ होने वाली सतहें हों, तो नियमित सफ़ाई में कम मेहनत लग सकती है।
सही फिटिंग्स से बाथरूम का इस्तेमाल कैसे आसान हो सकता है?
सही फिटिंग्स से रोज़मर्रा के काम ज़्यादा आराम से किए जा सकते हैं।
सही जगह लगा बेसिन बेवजह झुकने की ज़रूरत कम कर सकता है। फ़ॉसेट आसानी से खुले और बंद हो, तो पानी का बहाव नियंत्रित करना भी आसान रहता है। हैंड शॉवर पानी की धार पर बेहतर नियंत्रण दे सकता है और सही सैनिटरीवेयर बाथरूम का इस्तेमाल ज़्यादा आरामदायक बना सकता है।
लेकिन सिर्फ़ एक प्रोडक्ट से पूरा बाथरूम सभी के लिए सुविधाजनक नहीं बन जाता। लेआउट, फिटिंग्स की जगह, फ़र्श, रोशनी और स्टोरेज—इन सभी में तालमेल होना ज़रूरी है।
इसीलिए हर प्रोडक्ट को अलग-अलग चुनने के बजाय पूरे बाथरूम की योजना एक साथ बनाना बेहतर है।
निष्कर्ष
सभी के लिए सुविधाजनक बाथरूम बनाने की शुरुआत एक सीधी-सी बात से होती है: इसे इस्तेमाल करने वाले लोग अपने काम आसानी से और आराम से कर सकें।
कुछ भी चुनने से पहले देखें कि चलने-फिरने की कितनी जगह है, फिटिंग्स कितनी ऊँचाई पर लगेंगी, शॉवर तक पहुँचना और फ़ॉसेट चलाना कितना आसान होगा। रोशनी, फ़्लोरिंग और स्टोरेज पर भी ध्यान दें। इन बातों का ध्यान रखने से बाथरूम बच्चों के लिए ज़्यादा सुरक्षित, बुज़ुर्गों के लिए ज़्यादा आरामदायक और सभी के लिए इस्तेमाल में आसान हो सकता है।
सोच-समझकर बनाया गया बाथरूम सुविधाजनक होने के साथ स्टाइलिश भी हो सकता है। सही सैनिटरीवेयर, फ़ॉसेट्स, शॉवर्स और दूसरी बाथरूम फिटिंग्स से आप ऐसा बाथरूम बना सकते हैं, जो आधुनिक दिखे और अलग-अलग लोगों की रोज़ की ज़रूरतें पूरी करे।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
बुज़ुर्गों के लिए बाथरूम में किन सुविधाओं का होना ज़रूरी है?
आसानी से चलने वाले फ़ॉसेट्स, बैठने-उठने के लिए सही ऊँचाई वाला WC, अच्छी रोशनी और उपयुक्त फ़्लोरिंग बुज़ुर्गों के लिए बाथरूम को ज़्यादा आरामदायक बना सकते हैं। शॉवर तक आसानी से पहुँचना और चलने-फिरने के लिए पर्याप्त जगह होना भी मददगार है।
बच्चों के लिए बाथरूम को ज़्यादा सुरक्षित कैसे बनाएँ?
फ़र्श पर जितना हो सके सामान कम रखें। गीली जगहों के लिए सही फ़्लोरिंग चुनें, अच्छी रोशनी की व्यवस्था करें और रोज़ काम आने वाली चीज़ें वहाँ रखें, जहाँ बच्चे सुरक्षित तरीके से पहुँच सकें। आसानी से चलने वाले फ़ॉसेट्स भी उनके रोज़ के काम आसान बना सकते हैं।
सबके लिए सुविधाजनक बाथरूम में किस तरह का WC लगाना सही रहेगा?
आरामदायक ऊँचाई वाला WC, जिसके आसपास पर्याप्त जगह हो, ऐसे बाथरूम के लिए सही हो सकता है। इसका चुनाव इस्तेमाल करने वाले की ज़रूरतों और बाथरूम में मौजूद जगह के हिसाब से करें।
बाथरूम फिटिंग्स से इस्तेमाल में आसानी और सुरक्षा कैसे बढ़ सकती है?
फिटिंग्स सही जगह लगी हों तो रोज़ के काम आसान हो सकते हैं। फ़ॉसेट्स आसानी से चलते हों, शॉवर तक पहुँचना आसान हो, सैनिटरीवेयर ज़रूरत के हिसाब से चुना गया हो और स्टोरेज सही जगह हो, तो बेवजह झुकने, हाथ ज़्यादा बढ़ाने और इधर-उधर जाने की ज़रूरत कम हो सकती है।
सबके लिए सुविधाजनक बाथरूम बनाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
लेआउट, चलने-फिरने की जगह, फिटिंग्स की ऊँचाई और शॉवर तक पहुँचने की सुविधा देखें। फ़ॉसेट के कंट्रोल्स, फ़्लोरिंग, रोशनी और सामान रखने की व्यवस्था पर भी ध्यान दें। सबसे ज़रूरी है कि पूरी योजना उन लोगों की ज़रूरतों के हिसाब से बने, जो बाथरूम इस्तेमाल करेंगे।



